खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंर्तगत छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर डोलीगुट्टा के पहाड़ी-जंगल में सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों के बीच हुुई मुठभेड़ में जवानों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया है। जवानों ने मौके से एक एलएमजी और एक एके-47 हथियार सहित कई हथियार बरामद किए हैं। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ में शामिल सभी जवान सुरक्षित हैं, मुठभेड़ के बाद आस-पास सघन सर्चिंग जारी है, जवानों के लौटने के बाद विस्तृत जानकारी मिलेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर आज शनिवार की सुबह नक्सलियों के मौजूदगी की सूचना पर ग्रेहाउंड फोर्स और छत्तीसगढ़ पुलिस ने संयुक्त रूप से नक्सलियों के खिलाफ अभियान पर निकले थे। बड़ी संख्या में जवान इन दोनों प्रदेशों के सीमा पर डोलीगुट्टा के जंगलों में पहुंचे, यहां नक्सलियों ने जवानों को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। बताया जा रहा है कि यहां छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कई बड़े नक्सलियों की मौजूदगी थी। मुठभेड़ के बाद कई नक्सली भाग गए हैं, इस मुठभेड़ में अब तक 03 नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया है। मारे गये तीन नक्सलियों में 25 लाख के ईनामी नक्सली प्लाटून 02 के कमांडर सागर को जवानों ने ढेर कर दिया है, इसकी अधिकारिक पुष्टि नही हुई है। घटनास्थल से एलएमजी और एक एके 47 समेत कई हथियार बरामद किया गया है। बड़ी संख्या में जवानों की टीम इस इलाके में अभी भी मौजूद है।

