खबर वर्ल्ड न्यूज-बालोद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बालोद जिले के डौंडीलोहारा में बड़ी बात कही।महतारी वंदन योजना के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी में हर महीने महतारियों को एक हजार रूपये देने का वादा था। जिसके अंतर्गत हमने प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में पहली किश्त जारी की। उन्होंने कहा मैं यहाँ की माताओं-बहनों को बता देना चाहता हूँ कि अब पहले सप्ताह में नहीं, पहली तारीख में ही महतारी वंदन योजना की राशि जारी कर देगी हमारी सरकार।
वे यहाँ एक विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस पर एक बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 5 साल में कांग्रेस की सरकार ने भ्रष्टाचार और घोटाले की सारी हदें पार कर दी थी। शराब घोटाला किया, जिसके दो काउंटर थे। एक काउंटर का पैसा कांग्रेस सरकार के खाते में और दूसरे काउंटर का पैसा सोनिया-राहुल के खाते में जाता था। भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस पार्टी का एटीएम बना दिया था।
भूपेश बघेल को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महादेव सट्टा एप बंद न हो, चलता रहे इसके लिए भूपेश बघेल पर 508 करोड़ रूपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप लगा है। जिस पर एफआईआर भी दर्ज हुई है। ये छत्तीसगढ़ के लिए कितनी शर्म की बात है। कांग्रेस सरकार ने महादेव सट्टा एप से प्रदेश के बच्चों के भविष्य को बर्बाद कर दिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि मोदी जी ने 10 साल में गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबकी सेवा की, उनको आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। मोदी सरकार सदैव गरीबों के लिए समर्पित रही है।

