27 को शक्ति प्रर्दशन कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश अपने प्रत्याशियों का दाखिल करवाएंगे नामांकन
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर लोकसभा निर्वाचन की अधिसूचना 20 मार्च को जारी होने और नाम निर्देशन पत्र की प्रक्रिया प्रारम्भ होने के बाद से अब तक केवल दो उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जबकि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी महेश कश्यप के अलावा 07 अन्य उम्मीदवारों ने नाम निर्देशन याने नामांकन पत्र खरीदा है। नामांकन दाखिल करने के लिए अब रविवार-सोमवार को शासकीय अवकाश घोषित होने से 26 और 27 मार्च दो दिनों के भीतर नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा। कांग्रेस 23 मार्च की देर शाम कोंटा विधायक कवासी लखमा को बस्तर लोकसभा का प्रत्याशी घोषित किये जाने के बाद प्रमुख राजनैतिक दलों भाजपा और कांग्रेस के द्वारा आज एक-एक नामांकन दाखिल कर दिया गया है। भाजपा के प्रत्याशी महेश कश्यप ने आज मंगलवार को एक नामांकन दाखिल करने प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, पूर्व बस्तर संसद दिनेश कश्यप, डॉ. सुभाउ एवं कमलचंद्र भंजदेव के साथ पंहुचे थे। बुधवार को नामांकन करने का अंतिम दिन होने से भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख राजनैतिक दलों के द्वारा जगदलपुर में चुनावी सभा के साथ शक्ति प्रर्दशन करते हुए नामांकन दाखिल करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप के समर्थन में 27 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मिशन ग्राउंड में जनसभा के बाद दूसरी बार नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आलोक अवस्थी के मुताबिक 26 को प्रत्याशी मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए नांमांकन दाखिल करेंगे। जबकि 27 को शहर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, केबिनेट मंत्री केदार कश्यप मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य व पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी के साथ रैली के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे।
बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा शुभ मुहूर्त पर 26 मार्च को पहला नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं 27 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज व अन्य प्रदेश पदाधिकारियों जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ लालबाग मेें आमसभा के बाद रैली के शक्ल में नामांकन दाखिल करेंगे।

