भूमाफिया पंकज जैन के विरुध्द आपराधिक प्रकरण दर्ज कराए जाने की अनुशंसा
खबर वर्ल्ड न्यूज-चंद्रशेखर शर्मा- कवर्धा। जिले में चल रहे भूमाफियों के दबंगई के चलते फर्जी रजिस्ट्रियों , चौहद्दी में से सरकारी जमीनों के गायब होने , अवैध निर्माण जैसे कई कारनामो के उजागर होने के बावजूद भूमाफिया और इनके परिजनों पर कार्यवाही में शासन प्रशासन के हाथ पैर कांप रहे है।
विगत वर्ष कलेक्टर जनदर्शन में भूमाफिया पंकज जैन के कारनामो को लेकर हुई शिकायत के बाद चालू हुई जांच के बाद भूमाफिया पंकज जैन व उनके कथित भाई महावीर जैन के खिलाफ काफी चौकाने वाली जानकारियां सामने आई। गोदनामा के नाम पर शासन प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने वाले भूमाफिया सराफा कारोबारी बन्धु अपने लाभ हानि के हिसाब से पिता का नाम बदलने में माहिर है।
पंकज जैन के द्वारा कभी पिता का नाम स्व दलीचंद बोथरा बता कर जमीनें क्रय व पुस्तैनी सम्पत्तियों का नामांतरण कराया गया और गोदनामा होने की गवाही महावीर जैन ने नजूल विभाग में लिखित में दी। जब भाइयों के पिता के नाम को बदल कर किये जा रहे कारनामो और स्टाम्प ड्यूटी चोरी पकड़ी गई तो सम्पतराज को पिता बता बचने का प्रयास किया जा रहा और वैध गोदनामा नही होने व सामाजिक रीतिरिवाजों का पालन नही करने के कारण गोदनामा वैध नही होने की बात महावीर जैन ने ही पंजीयक के यंहा चले एक प्रकरण में लिखित में कही है।
राजनांदगांव मार्ग स्थित लालतालाब को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में हुई शिकायत की पश्चात तहसिलादर कवर्धा व एसडीएम ने अपनी जाँच रिपोर्ट कलेक्टर को सौप दी है जिसमे एसडीएम ने पंकज जैन के खिलाफ कुटरचना कर राजस्व अभिलेख में छेडछाड किये तथा शासकीय भूमि की गलत चौहद्दी बना कर रजिस्ट्री कराये जाने की शिकायत को सही पाते उनके कृत्य को अपराधिक श्रेणी के अंतर्गत पाते हुए पंकज जैन के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज किये जाने की अनुसंशा सहित प्रतिवेदन कलेक्टर कबीरधाम को प्रकरण सौंपा है।
लालतालाब मामले कि जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए है जानकारी के मुताबिक पंकज जैन द्वारा क्रय की गई भूमि ख.नं. 380 लाल तालाब राजस्व अभिलेख में तालाब के रूप में दर्ज है अधिकार अभिलेख में ख०नं० 380 पुसैया देवा नामालूम साकिन भागूटोला के नाम पर इन्द्राज है जिसमें ग्रामवासी पानी पीते एवं नहाते धोते लिखा हुआ है। तथा ख.नं. 379 तालाब का पार है जो कि शासकीय भूमि है तथा 380 को चारो तरफ से घिरा हुआ है। जबकि पंकज जैन के पंजीकृत बैनामा के चौहद्दी विवरण तथा राजस्व अभिलेख में दर्ज खसरा की चौहद्दी से भिन्न है।
उक्त लाल तालाब को पंकज जैन द्वारा 23.03.2005 स्व. श्री दलीचंद बोधरा को दत्तक पिता बताते हुए खरीदा गया था। जबकि हल्का पटवारी के खसरा, बी-01 में खसरा नंबर 380 में क्रेता पंकज कुमार उर्फ आनंद बोथरा पिता सम्पतराज में अभिलेख सुधार करते हुए बसरा संसोधन कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक 10अक्टूबर 2018 को बसरा संसोधन कराया गया जिसका नया बसरा नम्बर 64/37 है। पिता का नाम अलग अलग होने के बाद भी तत्तकालीन पटवारी के साथ मिलीभगत करते हुए भाफ़िया द्वारा खसरा नम्बर शामिल कर बसरा संसोधन किया गया ताकि पिता का नाम बदल बदल खेले जा रहे खेल पर पर्दा डाला जा सके। जानकार बताते है कि पिता का नाम अलग अलग होने पर विभिन्न खसरा नम्बर एक खसरे में शामिल नही हो सकते और ना ही बसरा संसोधन किया जा सकता है किन्तु तत्कालीन पटवारी ने भूमाफिया के साथ मिलकर घपले घोटाले को अंजाम दिया।
एसडीएम ने कलेक्टर को सौंपी जांच रिपोर्ट में भी उल्लेख किया है कि क्रय की गई भूमि के पंजीकृत बैनामा में पंकज का पिता का नाम पर दत्तक पिता दलीचंद बोथरा है। जबकि अन्य दस्तावेजो में पिता का नाम सम्पतराज जैन उल्लेख है। अनावेदक के द्वारा विभिन्न राजस्व अभिलेखो में सांठगाठ कर अभिलेखों में छेडछाड कराकर अभिलेख दुरूस्त कराया गया। कभी अपने पिता का नाम दत्तक पुत्र स्व. दलीचंद लिखा फिर कभी सम्पतराज जैन जो यह प्रमाणित करता है, कि अनावेदक पंकज जैन कुटरचना कर राजस्व अभिलेख में छेडछाड किये तथा शासकीय भूमि की गलत चौहद्दी बना कर रजिस्ट्री करायी जो अपराधिक श्रेणी के अंतर्गत आता है। तथ्यों के परिशीलन के पश्चात अनावेदक पंकज जैन के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कराया जाना उचित होगा।
भूमाफिया बंधुओ के खिलाफ कार्यवाही का मामला अब कलेक्टर के दरबार में है। प्रशासन मामले में एफआईआर दर्ज करवाता है या फिर लालफीताशाही हावी होगी यह तो समय के गर्भ में है किंतु तालाब का मामला जनहित से जुड़ा होने के कारण हाइकोर्ट में जनहित याचिका लगाई जाने की संभावना से भी इंकार नही किया जा सकता।

