खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-सुकमा। जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना कुकानार क्षेत्र में कुछ संदिग्धों द्वारा 24 फरवरी को थाना भेजी क्षेत्रान्तर्गत हुए पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में मारे गया नक्सली के विरोध में नक्सली पाम्पलेट/पर्चें लेकर चिपकाने के लिए घूम रहे हैं। सूचना की तस्दीक हेतु थाना कुकानार से निरीक्षक पद्मा जगत, थाना प्रभारी कुकानार के हमराह जिला बल एवं 226 वाहिनी सीआरपीएफ का बल ग्राम कुंदनपाल पाण्डूपारा के जंगल की ओर रवाना हुए थे। अभियान के दौरान ग्राम कुंदनपाल पाण्डू पारा के पास से नक्सली जनमिलिशिया सदस्य दिरदो गंगा पिता स्व. दिरदो हड़मा निवासी मुठेली पेरमापारा को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह कटेकल्याण एरिया कमेटी का जनमिलिशिया सदस्य तथा नक्सली मददगार के रूप में कार्य करता है। जिसके कब्जे से नक्सली पाम्पलेट/पर्चे बरामद किया गया। उक्त कृत्य विधि विरूद्ध पाये जाने पर दिरदो गंगा के खिलाफ थाना कुकानार में अपराध क्रमांक 04/2024 धारा 8 (1)(3)(5) छत्तीसगढ़ जन सुरक्षा अधिनियम 2005 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया जाकर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करते हुए आज न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।

