खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं के साथ निरंतर हो रहे अत्याचार, दुष्कर्म व जघन्य अपराधों के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने आज शनिवार को दंतेश्वरी मंदिर के समीप धरना प्रदर्शन किया और धरने के बाद महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी का पुतला दहन कर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की। भाजपा महिला मोर्चा ने महिलाओं के साथ अत्याचार करने वाले टीएमसी के नेताओं के खिलाफ गहरा आक्रोश जाहिर किया और पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार को महिला विरोधी व तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सरकार बताया। दंतेश्वरी मंदिर के समीप दोपहर 02 बजे से शाम 05 बजे तक चले भाजपा महिला मोर्चा के धरना प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता भी शामिल हुये।
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य विद्याशरण तिवारी ने धरना को संबोधित करते हुये कहा कि पश्चिम बंगाल में काबिज तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने वोट की राजनीति करते हुये तुष्टिकरण की सारी सीमायें पार कर दी है। मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी की सरकार को वहां की जनता ने उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।
जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं के साथ हो रही अत्याचार व अनाचार की घटनायें हृदयविदारक है। विश्वास नहीं होता कि जिस राज्य में महिला मुख्यमंत्री है, वहां ऐसी जघन्य वारदातें महिलाओं के साथ हो रही है। भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुधा मिश्रा ने कहा कि जिस राज्य में महिलायें सुरक्षित नहीं है, उस राज्य के तृणमूल कांग्रेस की सरकार को एक क्षण भी अब सरकार में बने रहने का अधिकार नहीं है। शासन-प्रशासन की शह पर तृणमूल का गुण्डाराज चल रहा है।

