खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ का वीडियो सामने आया है। विदित हो कि पिछले महीने 31 जनवरी को बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ हुई थी, जिसमें क्रास फायरिंग में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के जवान के भाई रमेश ओयाम निवासी बोडग़ा की मौत हो गई थी। मुठभेड़ के 25 सेकंड और 19 सेकंड के दो वीडियो है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। यह मुठभेड़ इंद्रावती नदी के तट पर हो रही है, जिसमें नदी के एक ओर नक्सली फायरिंग कर रहे हैं, तो दूसरी ओर पुलिस उनका मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के कोंड्रोजी, बोडग़ा में नक्सल विरोधी अभियान पर जिला बीजापुर व दंतेवाड़ा से डीआरजी की टीम निकली हुई थी। बोडग़ा के जंगल में पुलिस बल ने नक्सलियों के बनाए सुरंग व स्मारक को ध्वस्त कर लौट रहे। पुलिस पार्टी पर नक्सलियों की ओर से गोलीबारी की गई। पुलिस बल की ओर से की गई कार्रवाई के बाद नक्सली भाग खड़े हुए थे। मुठभेड़ के बाद पता चला कि क्रास फायरिंग में एसटीएफ जवान के भाई की मौत हो गई है। मृतक के परिजनों को शासन की पुनर्वास नीति के तहत सहायता उपलब्ध कराई गई है।

