कैवल्या का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के नंदीगाम से एक दिल छूने वाली खबर सामने आ रही है। दरअसल, यहां एक चार महीने की बच्ची ने अपना नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा लिया है। चार महीने की कैवल्या की समझ देखकर देश और दुनियाभर के लोग हैरान हैं।
नंदीगाम के रहने वाले दंपती रमेश और हेमा की चार महीने की बेटी कैवल्या महज देखकर 120 चीजों को पहचान लेती हैं। इनमें पक्षी, सब्जी, फल और अन्य कई प्रकार की चीजें शामिल हैं। बता दें कि कैवल्या की मां ने सबसे पहले उसके इस टैलेंट को पहचाना और उसे दुनिया के सामने लाने का फैसला किया। इसके बाद हेमा ने कैवल्या का एक वीडियो बनाया और फिर उसे नोबेल वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को भेजा। नोबेल वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने कैवल्या की कौशल की जांच की और फिर उसका नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया।
नोबेल वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से कैवल्या को सर्टिफिकेट दिया गया है। कैवल्या ने 3 फरवरी, 2024 को यह रिकॉर्ड बनाया है। बता दें कि कैवल्या को ‘100+ फ्लैशकार्ड पहचानने वाला दुनिया का पहला चार महीने का बच्चा’ कहा गया।
कैवल्या के माता-पिता इससे बेहद खुश हैं और उन्होंने सभी का धन्यवाद भी किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अन्य माता-पिता भी अपने बच्चों के टैलेंट को पहचाने और उन्हें विशेष कौशल के साथ तैयार करें। यहां तक कि कैवल्या का टैलेंट देखकर नोबेल पुरस्कार होल्डर्स भी हैरान हैं।

