खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। जिले के थाना पामेड़ क्षेत्र अंर्तगत गुंडराजगुड़ेम, बड़सेनपल्ली, मंगलतोर और उड़तामल्ला की ओर नक्यल विरोधी अभियान के तहत कोबरा 208, केरिपु 228 और जिला सुकमा से कोबरा 203 बटालियन की संयुक्त टीमें रवाना हुई थीं। अभियान के दौरान आज गुरूवार काे उड़तामल्ला के जंगल में निर्मित एक नक्सल स्मारक को सुरक्षाबलों ने ध्वस्त कर दिया। जबकि कोमटपल्ली के जंगल में इस अभियान के तहत नक्सलियों के अस्थायी और ट्रेनिंग कैम्प को भी नष्ट कर हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना तर्रेम क्षेत्र के कोमटपल्ली में जिला बल व केरिपु की 170वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने कोमटपल्ली के जंगलों की सघन तलाशी ली। इस दौरान बड़े-बड़े चट्टानों के बीच छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। कोमटपल्ली के जंगल-पहाड़ी से बरामद विस्फोटक एवं हथियार मे – भरमार बंदूक, बीजीएल राउंड एवं रॉड, बीजीएल पार्ट्स, विस्फोटक निर्माण सामग्री (पीईके, यूरिया, इलेक्ट्रिक वायर), एम्युनेशन पोच, आईईडी बनाने के लिए विभिन्न आकार के प्रेशर कुकर (10 लीटर, 5 लीटर, 3 लीटर), आरी ब्लेड, स्पीकर व नक्सल सामग्री बरामद किया गया है।


