खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ वालों अब अलमीरा से कंबल-रजाई और गर्म कपड़े बाहर निकाल लें। बीते तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अंबिकापुर में जहां तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के नीचे जा चुका है, वहीं रायपुर के अलावा दुर्ग, बिलासपुर के इलाकों में भी न्यूनतम पारा 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच है। तापमान में गिरावट से सुबह और शाम ठंड अधिक महसूस हो रही है। राजधानी में रविवार सुबह सड़कों पर कोहरा छाया रहा। आने वाले दिनों में मौसम में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं है। ऐसे में ठंड का असर और बढ़ सकता है। इस दौरान कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है।
प्रदेशभर में ठंड का असर दिखने को मिल रहा है। इन दिनों सबसे ज्यादा ठंडा इलाका अंबिकापुर और बलरामपुर-रामानुजगंज बना हुआ है। यहां लगातार पारा गिर रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सुकमा में 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में तापमान में गिरावट का असर साफ नजर आने लगा है। तीन दिन पहले जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था। वहीं अब यह गिरकर 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। राजधानी में 29 नवंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य रह सकता है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है। प्रदेश में आगामी दिनों में भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, इसलिए सुबह और रात को ठंड रहेगी।
Trending
- गांवों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री साय
- प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों के अपने घर का सपना हो रहा पूरा : मुख्यमंत्री साय
- छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड की दस्तक: अंबिकापुर में पारा 8.5 डिग्री के पार, राजधानी रायपुर में सुबह दिखा कोहरे का असर
- मुख्यमंत्री साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
- माना में 76वें बैच की पासिंग आउट परेड संपन्न: छत्तीसगढ़ पुलिस बल को मिले 642 नए आरक्षक, 208 महिला जवान भी शामिल
- अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी टीम पर ग्रामीणों का हमला; SI व आरक्षक समेत तीन घायल, सेल्समैन की हालत गंभीर
- AI ब्लैकमेलिंग और करोड़ों की ठगी का मामला: दीपक टंडन के सिंडिकेट का साला कोमल चौबे भी गिरफ्तार
- दूरस्थ अंचलों के हर गांव तक विकास और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय


