खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार दोपहर छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। एक दिवसीय प्रवास में वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। रायपुर एयरपोर्ट से सीधे अमित शाह पंडरी स्थित निजी अस्पताल पहुंचेंगे, जहां लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन कार्यक्रम में मुख्य अथिति के तौर पर शामिल होंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री शाह के आगमन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वागत किया। उन्होंने आधिकारिक सोशल मीडिया पर लिखा कि माता कौशल्या की पावन भूमि और प्रभु श्री राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ आगमन पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हार्दिक अभिनंदन। छत्तीसगढ़ के प्रति आपका आत्मीय स्नेह हम सभी के लिए शक्ति और विश्वास का संबल है। प्रदेश की शांति, सुरक्षा और विकास के प्रति आपकी प्रतिबद्धता एवं सतत सहयोग विकसित छत्तीसगढ़ के हमारे संकल्प को नई शक्ति और प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को नया विश्वास प्रदान करता है। छत्तीसगढ़ महतारी की इस पुण्य धरा पर आपका समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हृदय से स्वागत है।


