कलेक्टर ने 7 दिन में चार्जशीट दाखिल करने के दिए निर्देश
खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। शासकीय राजस्व कार्य के लिए 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और लेने के मामले में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया और समाचार पोर्टलों पर वायरल हुए वीडियो की जांच के बाद जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। तहसीलदार पचपेड़ी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में पटवारी के खिलाफ लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए हैं।Chhattisgarh Travel Guide
जानकारी के अनुसार, ऋषिपुरी गोस्वामी पूर्व में पटवारी हल्का नंबर 14 में पदस्थ थे। वर्तमान में वे तहसील पचपेड़ी के पटवारी हल्का नंबर 05 में कार्यरत थे। वायरल वीडियो के संबंध में तहसीलदार पचपेड़ी ने 28 अक्टूबर 2026 को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर ने निलंबन का आदेश जारी किया।
आदेश में पटवारी के कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत और गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना गया है। साथ ही, इस मामले को शासन की छवि धूमिल करने वाला बताया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान पटवारी का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कोटा कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। वहीं, कलेक्टर ने तहसीलदार पचपेड़ी को संबंधित पटवारी के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


