बेलतरा विधायक के बाद स्वास्थ्य मंत्री भी बेच रहे सपना
खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। अपोलो अस्पताल में हृदय रोग और डायलिसिस के इलाज को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा ने कहा की पहले विधायक सुशांत शुक्ला ने क्षेत्र की जनता को आयुष्मान से इलाज की उम्मीद दिखाई और अब स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उसी उम्मीद की कहानी आगे बढ़ा रहे हैं।
गौरहा ने कहा कि कभी विधायक सुशांत शुक्ला आयुष्मान से इलाज का सपना दिखाते हैं और अब मंत्री जी भी उस सपने की कहानी लिखने लगे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि जनता को अब कहानी नहीं,इलाज चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में अपोलो में आयुष्मान के माध्यम से हृदय रोग और डायलिसिस जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज उपलब्ध कराने जा रही है,तो इसका स्पष्ट आदेश,लागू होने की तारीख और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
जारी हो स्पष्ट सरकारी आदेश
गौरहा ने सरकार के सामने मांग रखी है कि यदि अपोलो अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से हृदय रोग और डायलिसिस जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज वाकई शुरू होने जा रहा है,तो सरकार को सिर्फ बयानबाजी करने के बजाय शासकीय आदेश स्पष्ट रूप से जारी करना चाहिए।अंकित गौरहा ने सरकारी तंत्र पर निशाना साधते हुए कहा कि फाइलों और नेताओं की घोषणाओं में तो मरीजों का इलाज चुटकियों में शुरू हो जाता है,लेकिन जब गरीब जनता जमीन पर अस्पताल पहुंचती है,तो उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से सीधा सवाल पूछा कि वादे और घोषणाएं बहुत हो चुकीं,अब जनता को तारीख बताइए की आयुष्मान से अपोलो में इलाज आखिर शुरू कब होगा.?


