खबर वर्ल्ड न्यूज-डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ में दूसरे राज्य की शराब खपाने का खेल एक बार फिर सामने आया है। आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 45 पेटियां जब्त की है। शराब परिवहन में इस्तेमाल हो रही रायपुर पासिंग स्कॉर्पियो भी कब्जे में ली गई है। खास बात यह है कि विभाग को शराब की खेप आने की सूचना पहले ही मुखबिर से मिल चुकी थी। इसके बाद टीम ने झिंझारी और मडियान रोड के बीच नाकेबंदी की, संदिग्ध स्कॉर्पियो तक पहुंच भी गई, लेकिन कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार आरोपी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। यानी जिस सूचना के आधार पर विभाग ने जाल बिछाया था, उसमें शराब तो फंस गई, लेकिन जिन लोगों को पकड़ना था वे निकल गए।
अब आबकारी विभाग इसे शराब जब्ती की बड़ी कार्रवाई बता रहा है, लेकिन इस पूरी कार्रवाई का सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहले से सूचना, पहले से नाकेबंदी और संदिग्ध वाहन की मौजूदगी के बावजूद आरोपी आखिर फरार कैसे हो गए?
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश निर्मित शराब वाहन के जरिए क्षेत्र से बाहर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आबकारी टीम ने प्रभारी अनिल सिंह के नेतृत्व में झिंझारी और मडियान रोड के बीच घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी ली गई तो अंदर मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की करीब 45 पेटियां मिलीं। विभाग ने शराब को जब्त कर लिया और शराब परिवहन में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी कब्जे में ले लिया। यहां तक तो कार्रवाई बिल्कुल वैसी ही है जैसी किसी शराब तस्करी के मामले में अपेक्षित होती है, लेकिन असली कहानी इसके बाद शुरू होती है।
आबकारी विभाग के मुताबिक टीम को देखकर वाहन में सवार लोग स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए। टीम ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। अब उनकी पहचान और तलाश की जा रही है। यही बात इस पूरी कार्रवाई को सवालों के घेरे में लाती है। जब मुखबिर से पहले ही सूचना मिल गई थी, जब संभावित रास्ते पर नाकेबंदी कर दी गई थी और जब संदिग्ध वाहन भी टीम के सामने आ गया था तो तस्करों को भागने का मौका आखिर मिला कैसे? क्या तस्कर इतने शातिर निकले कि आबकारी विभाग की पूरी तैयारी को चकमा देकर निकल गए? या नाकेबंदी के बावजूद कार्रवाई के दौरान ऐसी कोई कमी रह गई, जिसका फायदा आरोपियों ने उठा लिया? इन सवालों का जवाब जांच में ही सामने आएगा।
मामला सिर्फ 45 पेटी शराब की जब्ती तक सीमित नहीं है। अगर शराब मध्यप्रदेश से लाई गई थी तो जाहिर है कि इसके पीछे सप्लाई का कोई रास्ता और आगे खपाने की योजना रही होगी। अब जांच का असली मुद्दा यही होना चाहिए कि शराब कहां से आई, किसने भेजी, किसके लिए भेजी गई थी और इसे आगे किसे सौंपा जाना था, क्योंकि एक स्कॉर्पियो में 45 पेटियां शराब पहुंच जाना अपने आप में यह सवाल खड़ा करता है कि क्या यह सिर्फ एक खेप थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।
Trending
- ब्लड कैंसर से जूझ रही 3 वर्षीय काव्या पटेल के उपचार के लिए CM साय की संवेदनशील पहल: ₹1 लाख की सहायता, PICU में वेंटिलेटर सपोर्ट और 24 घंटे विशेष निगरानी
- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 : मुंगेली जिले में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 1,351 किसानों से 44,664 क्विंटल से अधिक धान उपार्जित
- चिरायु योजना बनी जीवनदायिनी, जन्मजात टेढ़े पैरों से पीड़ित दो माह की बच्ची को मिला नया जीवन
- प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज में युवा प्रकोष्ठ का गठन, कलेश्वर गर्ग बने जिला अध्यक्ष
- शोएब ढेबर को 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
- 90 माह के DA एरियर्स और सेटअप पुनर्संरचना पर महानदी भवन में हल्लाबोल, CGMKS ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
- कबरा हाथी से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा
- मुख्यमंत्री साय के सुशासन में स्वामित्व योजना में बलरामपुर-रामानुजगंज छत्तीसगढ़ में अव्वल, 160 गांवों में सौंपे गए 801 अधिकार अभिलेख


