खबर वर्ल्ड न्यूज-दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र से स्क्रैप चोरी के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगी। मामले में विधायक रिकेश सेन की शिकायत और लगातार केंद्रीय जांच की मांग के बाद गृह मंत्रालय की ओर से राजपत्र जारी कर जांच CBI को सौंपे जाने की जानकारी दी गई है। यह मामला पुरानी भिलाई थाना में दर्ज है।
दरअसल, 26 मई को दुर्ग पुलिस ने हथखोज के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ए.के. ट्रेडर्स नाम की फैक्ट्री में छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये की गाड़ियां और लगभग 90 लाख रुपये कीमत का 250 टन स्क्रैप बरामद किया था।
स्क्रैप चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें संजय सिंह समेत 5 आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि 3 कारोबारियों ने अग्रिम जमानत ले ली है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक रिकेश सेन लगातार इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग कर रहे थे। अब गृह मंत्रालय की ओर से जारी राजपत्र के बाद इस मामले की जांच CBI द्वारा किए जाने का रास्ता साफ हो गया है।



