सचिव पद पर महज एक वोट से इरशाद खान की जीत, कोषाध्यक्ष पद पर प्रसून शर्मा विजयी
खबर वर्ल्ड न्यूज-बीजापुर। प्रेस क्लब भवन सह जिला पत्रकार संघ बीजापुर के चुनाव में सोमवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर के. संतोष कुमार ने सर्वाधिक 21 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। चुनाव में कुल 46 मतदाताओं ने मतदान किया और शत-प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी में मतदान, मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में थे। के. संतोष को 21 मत, निकटतम प्रतिद्वंद्वी गणेश मिश्रा को 13 मत, ईश्वर सोनी को 7 मत तथा कमलेश पैंकरा को 5 मत प्राप्त हुए।
सचिव पद पर एक वोट से इरशाद खान की जीत
सचिव पद का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। तीन प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में इरशाद खान ने 17 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। वहीं आशीष पदमवार को 16 और बसंत मामडीकर को 13 मत मिले। इस तरह इरशाद खान ने महज एक वोट के अंतर से सचिव पद अपने नाम किया।
कोषाध्यक्ष पद पर प्रसून शर्मा विजयी
कोषाध्यक्ष पद पर प्रसून शर्मा को 30 मत मिले, जबकि सिरोज विश्वकर्मा को 16 मत प्राप्त हुए। प्रसून शर्मा ने 14 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण चुनाव
प्रेस क्लब चुनाव की पूरी प्रक्रिया जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में संपन्न हुई। मतदान से लेकर मतगणना और परिणाम की घोषणा तक पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रही।नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने पत्रकार हितों को प्राथमिकता देने का दिया भरोसा जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष के. संतोष कुमार ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों ने उन पर विश्वास जताकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका वे पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। पत्रकारों के हितों और समस्याओं को प्राथमिकता देने के साथ ही सभी साथियों के सुख-दुःख में साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से प्रेस क्लब को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने का प्रयास किया जाएगा।


