जिले में बढ़ते अपराध के आंकड़ों ने बढ़ाई खौफ की आहट
खबर वर्ल्ड न्यूज-भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बेखौफ अपराधियों के बुलंद हौसलों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम सेमरिया (ब) में अज्ञात हमलावरों ने 24 वर्षीय युवा विक्रम मानिकपुरी की धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और भारी आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने विक्रम के गले पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस की टीम फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है- पुलिस पुरानी रंजिश, लेन-देन के विवाद और प्रेम-प्रसंग जैसे तमाम संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस हत्याकांड ने जिले में तेजी से बढ़ते अपराध ग्राफ की ओर एक बार फिर ध्यान खींचा है। हालिया आंकड़ों और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।


