रथ निर्माण की लकड़ी काटे जाने पर पाबंदी लगाने काे राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र काे रथारूढ़ करने के प्रस्ताव का माना जा रहा विराेध?
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की 618 वर्ष पुरानी परंपरा पर संकट के बादल मंडरा छा गए हैं। दशहरा के नाम पर जंगल से बेतहाशा लकड़ी काटे जाने से घट रहे जंगल से नाराज ग्राम पंचायत तिरिया ने ग्रामसभा का आयोजन कर सर्व सहमति से प्रस्ताव पारित कर रथ निर्माण के लिए लकड़ी काटे जाने पर पाबंदी लगा दी है।बस्तर के आदिवासी इलाके में संविधान की पांचवीं अनुसूची और पेशा कानून लागू है।इसलिए ग्रामसभा के प्रस्ताव का संवैधानिक महत्व है ग्रामीणों ने इसकी जानकारी कलेक्टर बस्तर और दशहरा समिति को दे दी है।ग्रामीणों के विरोध से विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के रथ निर्माण पर संकट मंडराने लगा है।वहीं ग्राम पंचायत तिरिया के ग्रामीणाें द्वारा रथ निर्माण के लिए लकड़ी काटे जाने पर पाबंदी लगाने काे राजपरिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव काे रथारूढ़ करने के प्रस्ताव काे जाेड़कर देखा जा रहा है। जब कि बस्तर दशहरा पर्व के दौरान राज परिवार के किसी भी सदस्य काे रथ पर विराजित करने संबंधी मांग पर विरोध शुरु हो गया है। सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक बलदेव मौर्य ने राज परिवार के सदस्य कमलचंद्र के रथ पर चढ़ने पर स्पष्ट असहमति जताई और कहा कि माटी पुजारी को ही रथ पर चढ़ने का अधिकार है, कमल चंद भंजदेव माटी पुजारी नहीं है। वहीं इस संबंध में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कमलचंद भंजदेव को सलाह और नसीहत देते हुए कहा कि राजतंत्र खत्म हो चुका है, काेई भी सरकार राजतंत्र काे स्थापित नही कर सकती। प्रजातंत्र में यह सब बातें शोभा नहीं देती, विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक दशहरा हम सबकाे इसे गाैरवपूर्ण ढंग से मनाना है, इस पर विचार करन चाहिए।
उल्लेखनीय है कि बस्तर दशहरा पर्व में रावण वध की परंपरा नहीं है।यहां आदिवासी आराध्य देवी माई दंतेश्वरी को समर्पित विश्व प्रसिद्ध दशहरा उत्सव मनाते हैं। विशाल लकड़ी के रथ का निर्माण कर माता के छत्र को रथारूढ़ किया जाता है। ग्रामीणों द्वारा पारम्परिक औजार से 40 फीट से अधिक उंचे विशाल दुमंजिला लकड़ी का रथ निर्माण कार्य और रथ बनने के बाद रथ संचालन को देखने बड़ी संख्या में देश-विदेश के लोग आते हैं। परम्परानुसार दशहरा की शुरआत में जगदलपुर ब्लॉक के माचकोट और तिरिया जंगल से ही ग्रामीण लकड़ी काटकर सिरहासार के सामने लाते हैं। इसी प्रकार दरभा ब्लॉक के जंगल से भी लकड़ी लायी जाती है। रथ का निर्माण के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने पर दशहरा समिति द्वारा ढाई से तीन मीटर मोटाई वाले सौ वर्ष तक पुराने 60 से 70 वृक्ष कटवाये जाते हैं, ग्रामीणों का विरोध इस बात पर है कि दशहरा के नाम पर अनावश्यक वृक्षों की कटाई हो रही है, और नए जंगल के विकास की कोई योजना नहीं बनायी जा रही है। इसकी वजह से जंगल सिमटता जा रहा है। ग्रामीणों ने कई बार दशहरा समिति को इस चिंता से अवगत कराया, पर ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों के विरोध के बाद अब जिला प्रशासन के सामने चिंता का विषय यह है कि, वे लकड़ियां कहां से लाएंगे। ग्रामीणों की प्रकृति और अपने जंगलों के प्रति प्रेम काफी सराहनीय है।
ग्रामीणों ने कहा जंगल समाप्त हो रहे हैं
गांव के फैसले को लेकर सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति तिरिया के सचिव बलीराम ने बताया कि रथ निर्माण के नाम पर प्रत्येक वर्ष कई पुराने पेड़ों को काट दिया जा रहा है, जिससे जंगल समाप्त हो रहे हैं, और यह सही नहीं है। यहीं वजह है कि पूरे गांव वालों ने ग्राम सभा कर इस फैसले को प्रस्तावित किया है कि, अब वे अपने जंगल से रथ निर्माण के नाम पर पेड़ नहीं कटने देंगे।
ग्रामसभा को संरक्षण, संवर्धन का अधिकार
सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मंगतू ने बताया कि जंगल से रथ निर्माण के नाम पर लगातार कटाई की गई है, जिससे जंगल उजड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा तिरिया को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार अंतर्गत 3057.78 हेक्टेयर क्षेत्र प्राप्त हुआ है। वन अधिकार अधिनियम, 2006 की धारा 4 (1) (च) के अंतर्गत ग्रामसभा द्वारा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन योजना तैयार की गई है। इस योजना के अनुसार ग्रामसभा अपने जंगलों का संरक्षण, संवर्धन, प्रबंधन और सतत् उपयोग कर रहा है।


