khabarworld24.com – जीपीएस सिस्टम के भरोसे मंजिल तक पहुंचने की कोशिश किसी की जिंदगी का आखिरी पल भी हो सकता है। उत्तर प्रदेश में एक कार हादसे का शिकार हो गई। जिससे शादी समारोह में जा रहे कार में सवार 3 दोस्तों की मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि हादसा जीपीएस सिस्टम के चलते हुआ. क्योंकि कार जीपीएस सिस्टम के सहारे ही जा रही थी। हादसे के संबंध में पुलिस ने बताया कि रविवार को एक कार के पुल से रामगंगा नदी में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस को संदेह है कि चालक जीपीएस सिस्टम के कारण असुरक्षित मार्ग पर चला गया। यह दुर्घटना खालपुर-दातागंज मार्ग पर सुबह करीब 10 बजे हुई, जब पीड़ित बरेली से बदायूं जिले के दातागंज जा रहे थे। मामले में सर्किल ऑफिसर आशुतोष शिवम ने कहा कि इस साल की शुरुआत में बाढ़ के कारण पुल का अगला हिस्सा नदी में गिर गया था, लेकिन इस बदलाव को सिस्टम में अपडेट नहीं किया गया था। पुलिस ने कहा कि ड्राइवर नेविगेशन सिस्टम का इस्तेमाल कर रहा था और उसे यह एहसास नहीं हुआ कि पुल असुरक्षित है, जिससे कार क्षतिग्रस्त हिस्से से नीचे गिर गई। शिवम ने कहा कि क्षतिग्रस्त पुल के रास्ते पर कोई सुरक्षा अवरोध या चेतावनी संकेत नहीं थे, जिसके कारण यह जानलेवा दुर्घटना हुई। सूचना मिलने पर फरीदपुर, बरेली और दातागंज थाने की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं. जिसके बाद वाहन और शवों को नदी से निकाला गया।
50 फीट ऊंचाई से गिरी कार
हादसा फरीदपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी पर फरीदपुर-बदायूं के दातागंज को जोड़ने वाले अधूरे पड़े पुल पर हुई। जानकारी के मुताधिक तीनों कार सवार मैनपुरी निवासी कोशल कुमार, फर्रुखाबाद के विवेक कुमार और अमित थे। कार दातागंज की ओर से आ रही थी। इसी दौरान कार अधूरे पुल पर चढ़ गई और फिर पुल खत्म होते ही नदी में गिर गई।
खबर वर्ल्ड24-बालकृष्ण साहू-छत्तीसगढ़

