खबर वर्ल्ड न्यूज़ – संतोष पाठक, मुंगेली l मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान में प्रभावी माध्यम बनकर सामने आ रही है। मुंगेली जिले के ग्राम करही निवासी तोरण साहू का परिवार है, जहां मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद उनकी 64 वर्षीय माता मोंगरा बाई साहू की नौ माह से लंबित विधवा पेंशन की समस्या का समाधान हुआ। लंबित पेंशन की राशि मिलने और नियमित पेंशन शुरू होने से परिवार को बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता को परखने के लिए सीधे हितग्राहियों से संवाद किया और उनसे समस्याओं के समाधान की जानकारी ली। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने मुंगेली जिले के ग्राम करही निवासी तोरण साहू से बातचीत कर उनकी शिकायत के निराकरण की स्थिति जानी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान तोरण साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी माता मोंगरा बाई साहू की विधवा पेंशन पिछले नौ माह से लंबित थी। बैंक में जानकारी लेने पर पेंशन लंबित होने की जानकारी मिली, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्यवाही के बाद उनकी माता को नौ माह की लंबित पेंशन की कुल राशि 4,500 रुपये एकमुश्त प्राप्त हुई। इसके साथ ही पिछले दो माह से पेंशन लगातार मिलना भी शुरू हो गया है। लंबे समय से लंबित पेंशन मिलने और नियमित भुगतान शुरू होने से परिवार को आर्थिक संबल मिला तथा समस्या के समाधान की उम्मीद पूरी हुई।
*मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर साझा किया अनुभव*
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से संवाद के दौरान तोरण साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का निराकरण हुआ है। उन्होंने हेल्पलाइन को आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लाभकारी माध्यम बताते हुए कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उनकी माता की लंबित पेंशन मिलने का रास्ता खुला। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और जिला प्रशासन को भी धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, जी.एल. यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


