खबर वर्ल्ड न्यूज़ – रायपुर/हतबंद। शासकीय प्राथमिक शाला हतबंद में बच्चों के बीच श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म एवं उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर बच्चों में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, प्रेम, करुणा, मित्रता एवं सत्य के मार्ग पर चलने की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने श्रीकृष्ण एवं राधा के रूप में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे विद्यालय का वातावरण भक्तिमय एवं आनंदमय हो गया।

कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूपों एवं उनकी लीलाओं पर चर्चा की। इसके साथ ही गीत, नृत्य और नाटिका की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में प्रधान पाठक श्रीमती डॉ. गोपा शर्मा के साथ श्रीमती धनेश्वरी वर्मा एवं श्री मुकेश कुमार स्वर्णकार शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं शिक्षाओं से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
प्रधान पाठक श्रीमती डॉ. गोपा शर्मा ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने बच्चों को श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रसोईया दीदी ममता एवं चंद्रिका ने भी आनंदपूर्वक सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन बच्चों को शुभकामनाएं देने एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


