500 से अधिक ग्रामीणों को मिली पेयजल संकट से राहत
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में मुंगेली मितान कॉल सेंटर प्रभावी माध्यम बनकर सामने आ रहा है। ग्राम पंचायत ढोढमा, विकासखंड पथरिया में करीब दो माह से बंद सार्वजनिक बोरपंप की समस्या का समाधान मुंगेली मितान में शिकायत दर्ज होने के महज पांच दिनों के भीतर कर दिया गया। बोरपंप के पुनः चालू होने से अटल चौक एवं आसपास के मोहल्ले के ग्रामीणों को अब नियमित रूप से पेयजल की सुविधा मिलने लगी है। ग्राम पंचायत ढोढमा में अटल चौक के पास स्थित सार्वजनिक बोरपंप लंबे समय से बंद था। इसके कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर जाना पड़ रहा था।
ग्रामीण शोभाराम साहू ने इस समस्या को लेकर मुंगेली मितान कॉल सेंटर के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही उसे संबंधित विभाग मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पथरिया एवं ग्राम पंचायत ढोढमा को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजा गया। विभाग ने शिकायत को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्यवाही की और बोरपंप में मोटर पंप स्थापित कर आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराया गया और 29 जुलाई 2026 को बोरपंप पुनः सुचारू रूप से चालू कर दिया गया। शोभाराम साहू ने बताया कि बोरपंप चालू होने के बाद अटल चौक और आसपास के ग्रामीणों को पेयजल के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली। अब उन्हें अपने ही मोहल्ले में नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी समस्या का पूर्ण निराकरण हो गया है और विभाग द्वारा की गई त्वरित कार्यवाही से वे संतुष्ट हैं।
समस्या हो तो मुंगेली मितान से करें संपर्क
किसी भी शासकीय योजना से संबंधित समस्या, जनसुविधा से जुड़ी परेशानी अथवा आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला प्रशासन द्वारा संचालित मुंगेली मितान कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9406275513, 9406275514, 8641002203, 9406275534 एवं 9406275535 पर संपर्क किया जा सकता है।


