आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
जनदर्शन अब दोपहर 01 बजे से
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आमजनों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने आवेदनों के समयबद्ध निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए। राम गोपाल तिवारी वार्ड मुंगेली से संतोष पाठक द्वारा जिला स्तरीय टीम गठित कर सीमांकन कराने हेतु आवेदन दिया गया,इस दौरान ग्राम फरहदा की गंगाबाई सोनवानी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम करही के कृष्णा साहू ने पक्की नाली निर्माण कराने सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष रखा।
कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजनों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। कलेक्टर ने आवेदकों को भी उनकी समस्याओं के नियमानुसार निराकरण के लिए आश्वस्त किया। जनदर्शन में एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल.यादव, तीनों अनुविभागों के एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट में जनदर्शन अब दोपहर 01 बजे से आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा है कि आमजनों की समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण और जिला प्रशासन तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले कलेक्टर जनदर्शन के समय में परिवर्तन किया गया है। अब प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 01 बजे से जिला कलेक्टोरेट में जनदर्शन आयोजित किया जाएगा।


