कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक
विभागवार योजनाओं एवं प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आम नागरिकों से संबंधित आवेदनों एवं शिकायतों का निराकरण गुणवत्तापूर्वक किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर तोपनो ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक अधिकारी अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों का नियमित रूप से मॉनिटरिंग करें और निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति के साथ एग्रीस्टैक से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न करते हुए आवेदक की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन और सुशासन तिहार में प्राप्त लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए निराकरण किया जाए और इसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिले में सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सड़कों की खराब स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर तत्काल पैच वर्क एवं मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन को सुगम बनाने के लिए खराब सड़कों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए पात्र किसानों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अप्रारंभ आवासों को तत्काल प्रारंभ कराने तथा निर्माणाधीन आवासों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समय-सीमा की बैठक में पेंशन प्रकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन योजना, जल जीवन मिशन, सुग्घर छत्तीसगढ़ सहित अन्य विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल.यादव, तीनों अनुविभागों के एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


