खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली दौरे के बाद रायपुर लौट आए। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ की त्रासदी को लेकर चिंता जताई और प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
नेपाल बाढ़ त्रासदी पर सरकार अलर्ट
मुख्यमंत्री साय ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस आपदा में देश और छत्तीसगढ़ के कुछ लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल में फंसे या लापता छत्तीसगढ़ के लोगों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जरूरतमंद लोग कंट्रोल रूम से संपर्क कर मदद प्राप्त कर सकते हैं। सरकार की ओर से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
नितिन नवीन से हुई मुलाकात
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से सौजन्य मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दी।
प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी रह चुके हैं, लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश में किसी न किसी संगठन प्रभारी की नियुक्ति होना स्वाभाविक है।
मुख्यमंत्री की दिल्ली यात्रा और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात को प्रदेश संगठन से जुड़े आगामी बदलावों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


