खबर वर्ल्ड न्यूज़ – रायगढ़। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 34 में RCC नाली निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। निर्माण पूरा होने के बाद वार्डवासियों को बेहतर जल निकासी की सुविधा मिलने के साथ ही बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर के विकास के लिए मूलभूत नागरिक सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क, नाली और पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि शहरवासियों को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि वार्डों की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। RCC नाली के निर्माण से बारिश के पानी की निकासी व्यवस्थित होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में भी सुधार आएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।


