खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर । राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर रायपुर उत्तर के भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ गया है। फेसबुक पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 10 जुलाई को ‘ललित टांडी’ नाम के फेसबुक अकाउंट से विधायक पुरंदर मिश्रा के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट की गई थी। पोस्ट सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।
इस मामले में भाजपा पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया के जरिए विधायक की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और उनकी सार्वजनिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवादित पोस्ट किसने और किन परिस्थितियों में सोशल मीडिया पर साझा की थी। मामले में जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


