देवेंद्र नगर स्थित सर्वमंगल कार्यालय में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने की सहभागिता
KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर। पुरुषोत्तम माह के पावन अवसर पर सेवाभावी संस्था सर्वमंगल फाउंडेशन, रायपुर द्वारा लोककल्याण, सर्वहित और सर्वसुख की मंगलकामना के साथ भजन-पूजन, सुंदरकांड पाठ एवं गौसेवा का आयोजन किया गया। देवेंद्र नगर स्थित सर्वमंगल कार्यालय में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में संस्था की महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से भगवान की आराधना की।
संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष श्रीमती अनिता दुबे ने बताया कि सर्वमंगल फाउंडेशन प्रतिवर्ष समाजहित एवं लोककल्याण के उद्देश्य से विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता है। नवरात्रि में जागरण, सावन माह में रुद्राभिषेक तथा भगवान परशुराम जन्मोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से संस्था समाज में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रसार करती है। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष में एक बार आने वाले पुरुषोत्तम माह का सनातन परंपरा में विशेष महत्व है, जिसका उल्लेख पुराणों में भी मिलता है।

इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं पूजन-अर्चन के माध्यम से समाज और राष्ट्र के कल्याण की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को श्रृंगार सामग्री एवं प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। भक्ति संगीत और विभिन्न वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच उपस्थित श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर रहे।
कार्यक्रम में श्रीमती राजकुमारी गुप्ता, अनुपम गुप्ता, रंजना त्रिपाठी, कल्पना शुक्ला, संध्या तिवारी, मनोरमा बाजपेयी, अनुराधा दुबे, अनुपमा शर्मा, श्वेता शर्मा, बृजेश त्रिपाठी, शीतल पटेल, चंद्रकांता जैस सहित बड़ी संख्या में सनातनी महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। संस्था ने सभी के सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।


