संगठन विस्तार एवं ब्लॉक कार्यकारिणी गठन पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
KWNS – संतोष पाठक , मुंगेली। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज जिला इकाई की जिला कार्यकारिणी की बैठक रेस्ट हाउस मुंगेली में जिलाध्यक्ष अधिवक्ता जीवन लाल बंजारा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने तथा जिले के विभिन्न विकासखंडों में संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया विकासखंडों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और नई कार्यकारिणियों के गठन पर चर्चा की गई। इसी क्रम में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जून माह में लोरमी विकासखंड में विशेष बैठक आयोजित कर ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अधिवक्ता जीवन लाल बंजारा ने समाज के अधिक से अधिक लोगों से संगठन निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक उत्थान के लिए सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में नरेश पाटले, तेजवंत बर्मन, सुरेश भास्कर, लक्ष्मीकांत जड़ेजा,भागीरथी खांडे, अनिल प्रबल, राकेश भार्गव, कुमान ओगरे, तिलक सतनामी, आत्मा जांगड़े, मोहनदास सागर एवं सुखसागर मीरे सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाते हुए समाज के हितों एवं विकास के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।


