खबर वर्ल्ड न्यूज-रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर तमनार पुलिस ने आमाघाट रोड पर ट्रक एवं ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों द्वारा वाहनों पर पत्थरबाजी कर उन्हें रोककर चालक-परिचालकों से मारपीट एवं लूटपाट की सूचना मिल रही थी।
कल दिनांक 02.06.2026 को प्रार्थी रोहित कुमार पासवान (18 वर्ष), निवासी जिला गढ़वा (झारखंड), हाल मुकाम उर्दना, रायगढ़ ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ट्रक क्रमांक CG 10 R 2370 का चालक है। दिनांक 02 जून 2026 की रात लगभग 1 से 2 बजे के बीच जब वह आमाघाट क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी सड़क पर मौजूद कुछ युवकों ने उसके ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और उसके सिर में चोट आई। चालक द्वारा वाहन रोककर अपनी चोट देखने के दौरान एक आरोपी ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसकी जेब में रखा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 123/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि ग्राम देलारी निवासी रघुनाथ चौहान अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर ग्रामीणों की मदद से ग्राम देलारी में रघुनाथ चौहान एवं उसके साथी शिव कुमार अघरिया को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी शिव कुमार अघरिया के कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन सहित कुल 6 मोबाइल बरामद किए गए, जिनमें प्रार्थी का रियलमी मोबाइल भी शामिल है। वहीं आरोपी रघुनाथ चौहान से घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। प्रकरण में आरोपियों की पहचान परेड अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा के समक्ष कराई गई, जिसमें प्रार्थी ने सभी आरोपियों की पहचान की। जांच में यह तथ्य सामने आने पर कि पांच आरोपियों ने मिलकर मारपीट एवं लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था, प्रकरण में धारा 309(6) बीएनएस को विलोपित कर धारा 310(2) बीएनएस (डकैती) जोड़ी गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। Also Read – तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, चार लोग घायल
गिरफ्तार आरोपी-
1. रघुनाथ चौहान पिता हरि कीर्तन चौहान, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम देलारी, थाना पूंजीपथरा, जिला रायगढ़।
2. शिव कुमार अघरिया पिता सोधन अघरिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम देलारी, थाना पूंजीपथरा, जिला रायगढ़।
3. प्रवीण राठिया पिता भोलाराम राठिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी बरोरा कछार, थाना घरघोड़ा, हाल मुकाम देलारी।
4. जय किशन सोनार पिता अशोक सोनार, उम्र 19 वर्ष, निवासी गौरमुड़ी, थाना पूंजीपथरा, हाल मुकाम देलारी।
5. किशन कंवर पिता संतोष कंवर, उम्र 27 वर्ष, निवासी डेरागढ़, जिला सक्ती, हाल मुकाम देलारी।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन में हुए शामिल
- अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति ने मोहा दिल्लीवासियों का मन
- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के छत्तीसगढ़ पवेलियन में दुर्लभ पांडुलिपियों व ताम्रपत्रों का प्रदर्शन
- कांकेर जिले में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई: 1237 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत 16 प्रकरण दर्ज
- दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण के निर्देश- मंत्री केदार कश्यप
- दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ, 1 हजार 58 खिलाड़ी दिखा रहे खेल प्रतिभा
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेशवासी सभी त्योहार हर्षोल्लास से मना रहें हैं- मंत्री लखनलाल देवांगन
- भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध बिजली कर्मचारी संघ महासंघ की मुंगेली जिला कार्यकारिणी का गठन


