बैंकिंग कार्य से लेकर ऑनलाइन पढ़ाई तक प्रभावित
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। डिजिटल इंडिया के दौर में भोपालपटनम तहसील के ग्राम मुत्तापुर में आज भी ग्रामीण नेटवर्क समस्या से जूझने को मजबूर हैं। हालत इतनी खराब है कि गांव में मोबाइल कॉल तक सही से नहीं लगती और इंटरनेट सेवा नाम मात्र की रह गई है। परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम भोपालपटनम और कलेक्टर बीजापुर को अपनी समस्या बताते हुए नेटवर्क व्यवस्था को सुधारने के लिए आवेदन किया है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि गांव में मोबाइल कॉल बार-बार कट जाती है या लगती ही नहीं। इंटरनेट सेवा अत्यंत धीमी होने से ऑनलाइन कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। अच्छी नेटवर्क सुविधा पाने के लिए ग्रामीणों को खेतों या किसी ऊंचे स्थान पर जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क समस्या के कारण बैंकिंग कार्य, OTP प्राप्त करने, UPI भुगतान, ऑनलाइन लेनदेन और शासकीय योजनाओं से जुड़े E-KYC कार्य प्रभावित हो रहे हैं। राशन वितरण, महतारी वंदन योजना सहित अन्य योजनाओं में भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई बाधित हो रही है और किसानों को मौसम व मंडी से जुड़ी जरूरी जानकारी समय पर नहीं मिल पा रही है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस, अस्पताल और पुलिस तक संपर्क करना मुश्किल हो जाता है, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल तकनीकी जांच कर नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।


