विचारों से बदलाव की ओर कदम: बीजापुर में युवाओं का आवासीय प्रशिक्षण शिविर- चम्पेश्वर
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। गायत्री परिवार बीजापुर द्वारा शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान एवं प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के सहयोग से 27 से 31 मई 2026 तक पांच दिवसीय आवासीय व्यक्तित्व निर्माण युवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में जिले के लगभग 100 युवा भाग ले रहे हैं, जिनमें 30 आत्मसमर्पित माओवादी युवक-युवतियां भी शामिल हैं। पुनर्वास की मुख्यधारा से जुड़े इन युवाओं को मानवीय मूल्यों, नैतिक जीवन, आत्मविकास एवं सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने की कला सिखाई जा रही है।
शिविर के माध्यम से युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों एवं जीवन-दर्शन से युवाओं को परिचित कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान सफलता के सूत्र, कैरियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, स्वस्थ जीवन शैली, बुद्धि-विकास की वैज्ञानिक विधियां, नशामुक्ति, संस्कारों का विज्ञान, कर्मफल सिद्धांत तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है।प्रशिक्षण देने के लिए प्रांत स्तर से चम्पेश्वर साहू, लेखराम साहू, गोपालराम साहू, श्रीमती सत्यभामा नागवंशी एवं सुश्री संजना पटेल सहित विशेषज्ञों की टोली बीजापुर पहुंची है। प्रशिक्षक युवाओं को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने तथा अपनी ऊर्जा को सृजनात्मक कार्यों में लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शिविर के दौरान कई युवाओं ने मांसाहार एवं नशे का त्याग करने का संकल्प भी लिया है।
शिविर का शुभारंभ प्रथम दिवस माता गायत्री, परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के चित्रों के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बीजापुर के उपाध्यक्ष पप्पू चौहान, पार्षद बसंती लिंगम, सुनील साहू तथा प्यारेलाल अहिरवार ने सहभागिता निभाई।
शिविर में शामिल युवा पूरे उत्साह, उमंग एवं अनुशासन के साथ विभिन्न सत्रों में भाग लेकर ज्ञान अर्जित कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रसेवा की भावना का विकास करना है, ताकि वे समाज में परिवर्तन के वाहक बन सकें।


