खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर विकासखंड के ग्रामीण अंचल कुरुषपाल में आज बुधवार को सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में ग्रामीणों से विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर कुल 236 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई। इस गरिमामय अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप द्वारा कुल 36.06 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई और पूर्ण हो चुके कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। विधानसभा नारायणपुर के अंतर्गत आने वाले इन क्षेत्रों में कुरुषपाल के स्थानीय विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए विधायक निधि से साढ़े चार लाख रुपये की लागत से बनने वाली 1.50 मीटर लंबी पुलिया का मार्ग भी प्रशस्त किया गया। इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान और श्रीमती शकुंतला कश्यप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा घोटिया, तिरथा, सुधापाल और रतेंगा जैसी ग्राम पंचायतों के पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पक्के मकानों की सौगात दी गई, तो वहीं मनरेगा के तहत कुरुषपाल, पाथरी और बोदरा के ग्रामीणों को डबरी निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई। ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की कर्मठ दीदियों से संवाद कर उन्हें लखपति दीदी के रूप में सम्मानित किया गया और सिलाई, किराना व सायकल स्टोर जैसी आजीविका गतिविधियों के लिए ऋण स्वीकृत कर लोन के चेक वितरित किए गए। इसी कड़ी में खाद्य विभाग द्वारा पात्र परिवारों को नए राशन कार्ड सौंपकर उनकी खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती और धात्री माताओं से संवाद कर उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता के प्रति आश्वस्त किया गया।
शिविर के दौरान शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सहायता दी गई। जिसके तहत शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र तथा नवसाक्षरों एवं स्वयंसेवकों को उल्लास नवसाक्षता प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। समाज कल्याण विभाग ने बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक वृद्धावस्था पेंशन की राशि बांटी और राजपुर, पाथरी व मुण्डागांव के दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राई-सायकल प्रदान किया गया। अंचल के अन्नदाताओं को समृद्ध बनाने के लिए कृषि विभाग द्वारा उन्नत बीज किट व मृदा स्वास्थ्य हेल्थ कार्ड, उद्यानिकी विभाग द्वारा कटहल के पौधों और मत्स्यपालन विभाग द्वारा मत्स्य बीज व जालों का वितरण किया गया। शिविर के में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मोतियाबिंद ऑपरेशन से लाभान्वित बुजुर्गों को निःशुल्क चश्मे, आयुष्मान वय वंदन कार्ड और युवाओं को सिकलसेल कार्ड प्रदान किया गया, साथ ही श्रम विभाग द्वारा श्रमिक परिवारों के बच्चों को मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना की राशि दी गई।
Trending
- सुशासन तिहार बना आजीविका का मजबूत सहारा
- मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल में ₹1 करोड़ 2 लाख के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
- बदलते बस्तर की नई तस्वीर: 21 साल का लंबा संघर्ष पूरा, रावघाट पहुंची ट्रेन; आत्मसमर्पित नक्सलियों ने किया पहला रेल सफर
- कुरुषपाल सुशासन तिहार में प्राप्त हुए 236 आवेदन, 36 लाख के विकास कार्यों की मिली सौगात
- पेयजल की नियमित जलापूर्ति और शुद्धता की जांच जरूरी- मुख्य सचिव
- छत्तीसगढ़ बना कृषि सुधारों का राष्ट्रीय मॉडल: मंत्री रामविचार नेताम
- अबूझमाड़ में महुआ प्रसंस्करण के लिए बनेगा जनजातीय सहकारी मॉडल, संग्राहकों को हो रहा है सीधा ऑनलाइन भुगतान
- लाल आतंक को पछाड़ विकास की ओर बढ़ा दारेली: 40 साल बाद गांव पहुंचा प्रशासन, पहली बार हुई जनगणना


