खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर में अपराध की तस्वीर अब और खतरनाक होती नजर आ रही है। गांव की रंजिश और चुनावी दुश्मनी ने ऐसा रूप ले लिया कि एक इंसान की जान की कीमत महज ₹20 हजार लगाई गई। थाना लोहत्तर पुलिस ने आज बुधवार काे इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 साजिशकर्ता और 2 सुपारी किलर शामिल हैं।
घटना 24-25 अप्रैल की दरमियानी रात की है, जब ग्राम तुमरीसुर निवासी लालजी पुडो शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और हाथ पर गंभीर वार कर उन्हें मृत समझकर आरोपी फरार हो गए। जांच में जो सामने आया, वह और भी चौंकाने वाला है। गांव में बढ़ते प्रभाव और पुरानी रंजिश के चलते अनिल पुडो, राजेश उर्फ राकेश आंचला और मनसा नेताम ने मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके लिए भानुप्रतापपुर के रोहित जैन और भुरू उर्फ दिनेश को ₹20 हजार की सुपारी दी गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से सभी आरोपियों को धर दबोचा। घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए गए हैं।
यह मामला सिर्फ एक हमले का नहीं, बल्कि समाज में पनप रही उस खतरनाक मानसिकता काे दर्शाता है, जहां इंसानी जिंदगी की कीमत कुछ हजार रुपयों में तय की जा रही है। पुलिस ने भले ही आरोपियों को पकड़ लिया हो, लेकिन सवाल अभी भी वहीं खड़ा है, कि क्या अब गांव की रंजिशें सीधे ‘सुपारी किलिंग’ तक पहुंच चुकी हैं?
Trending
- प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई
- अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 250 पाव देशी मदिरा के साथ युवक गिरफ्तार
- ₹20 हजार की सुपारी किलिंग का हुआ खुलासा, 5 आरोपित गिरफ्तार
- ‘कारवॉश’ की आड़ में चल रहे नशे के काले साम्राज्य का भंडाफोड़, मुख्य सरगना आकाश ठाकुर गिरफ्तार
- नारायणपुर पुनर्वास केंद्र में ट्रैक्टर चलाने व मरम्मत सीख रहे 40 आत्मसमर्पित नक्सली
- बच्चा चोरी की अफवाह, लोहंडीगुड़ा में बवाल, ग्रामीणों ने फेरीवालों को पीटा
- नौकरी दिलाने के नाम पर पोस्ट ऑफिस का फर्जी आदेश वायरल
- खनन क्षेत्रों में ड्रोन की निगरानी से खनिज संसाधन की सुरक्षा तथा राजस्व संरक्षण में मिल रही मदद


