खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस्तर को छोड़कर बाकी सभी इलाकों में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। लगातार दूसरे दिन रायपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को राजधानी में और ज्यादा गर्मी पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
जानकारी के अनुसार 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं आया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। रविवार को भीषण गर्मी के चलते लोग घरों में रहे। जरूरी काम से निकलने वाले सिर पर कपड़ा बाँधे या छतरी लिए नजर आए।
मौसम विभाग ने रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है। 27 अप्रैल को रायपुर में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के दक्षिणी भाग में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाओं का आगमन प्रारंभ हो चुका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं उत्तर पूर्व झारखंड में दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मध्य भाग में तीसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण फैला हुआ है। इसके चलते प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे चलने की संभावना है। एक-दो हिस्सों में ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश में इस वर्ष राजनांदगांव में तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उसके एक दिन पहले पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस था। वहीं इसी माह शनिवार से पहले भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है। इसके बाद भी मौसम विभाग ने रविवार को राजनांदगाँव का न तो अधिकतम तापमान जारी किया और ना ही न्यूनतम तापमान ।
रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस, माना एयरपोर्ट में 43.8 डिग्री, बिलासपुर में 44.4 डिग्री, पेण्ड्रारोड में 42.5 डिग्री, अंबिकापुर में 41.5 डिग्री, जगदलपुर में 38.1 डिग्री और दुर्ग में 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कब मिलेगी गर्मी से राहत ?
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। उसके पश्चात अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
Trending
- गश्त में जुटी पुलिस के हाथ लगी ‘नशीली खेप’, नहर में बहते मिले 17 पैकेट गांजा
- ध्रुव योग में आज मोहिनी एकादशी व्रत, जानें महत्व, पूजन विधि व मुहूर्त, कथा, मंत्र, आरती और पारण का समय
- KKR VS LSG: सुपर ओवर में केकेआर ने एलएसजी को हराया, रिंकू सिंह बने जीत के नायक
- अक्षय-प्रियदर्शन की जोड़ी का बॉक्स ऑफिस पर ‘तहलका’: 10वें दिन ‘भूत बंगला’ ने भरी ऊंची उड़ान, 180 करोड़ के करीब पहुंचा वर्ल्डवाइड कलेक्शन
- हीट स्ट्रोक हो सकता है जानलेवा, लक्षणों को जानकर अपनाएं बचाव के ये उपाय
- बघेल का भाजपा पर तीखा हमला: “बंगाल में फिर फेल होंगे जीत के दावे, BJP अब बन गई है ‘लूट का SBI'”
- शादी की खुशियाँ मातम में बदली, पुरानी रंजिश में युवक की नृशंस हत्या, गांव में तनाव
- छत्तीसगढ़ में मौसम के दो रंग: रायपुर में आज 45°C का ‘ऑरेंज अलर्ट’, तो बस्तर में बारिश की फुहारें


