नई दिल्ली। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ को एक हफ्ता पूरा हो चुका है। अब यह मूवी दूसरे हफ्ते में एंटर कर चुकी है। भले ही फिल्म की कमाई में गिरावट आई है लेकिन बॉक्स ऑफिस पर अब भी यह मजबूती से टिकी हुई है। दिलचस्प बात यह है कि सिनेमाघरों में ‘धुरंधर 2’ जैसी बड़ी फिल्म की चुनौती के बावजूद अक्षय की इस फिल्म का जादू कम नहीं हो रहा है। दर्शकों को अक्षय और प्रियदर्शन की पुरानी जोड़ी का कॉमेडी अंदाज खूब पसंद आ रहा है, यही वजह है कि फिल्म लगातार अपनी पकड़ बनाए हुए है।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘भूत बंगला’ ने दूसरे हफ्ते की शुरुआत सिंगल डिजिट से की है। 8वें दिन मूवी ने 5.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। इसी के साथ फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन अब 90.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। पहले हफ्ते में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 84.40 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था।
देशभर में करीब 8,573 शोज के जरिए भूत बंगला की घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 107.20 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुका है। सिर्फ देश में ही नहीं, विदेशों में भी अक्षय कुमार की इस फिल्म का जलवा बरकरार है। आठवें दिन फिल्म ने विदेशी बाजारों से 2.50 करोड़ रुपये बटोरे, जिससे वहां का कुल ग्रॉस कलेक्शन 37.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
अगर दुनियाभर की कमाई को जोड़ दिया जाए, तो ‘भूत बंगला’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 144.70 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म तेजी से 150 करोड़ के क्लब की ओर बढ़ रही है। मालूम हो कि अक्षय कुमार की फिल्म सिर्फ तीन दिनों में ही दुनियाभर में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था।
फिल्म की शुरुआत भी काफी दमदार रही थी, जहां इसके प्रीमियर से 3.75 करोड़ और ओपनिंग डे पर 12.25 करोड़ रुपये आए थे। वहीं शनिवार को 19 करोड़ और रविवार को 23 करोड़ रुपये बटोरकर फिल्म ने वीकेंड पर जबरदस्त उछाल दिखाया। सोमवार को कलेक्शन में हल्की गिरावट आई और इसने 6.75 करोड़ रुपये कमाए।
इसके बाद से फिल्म की रफ्तार स्थिर बनी हुई है। मंगलवार को 8 करोड़, बुधवार को 6.15 करोड़ और गुरुवार को 5.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा। अब सबकी नजरें आने वाले वीकेंड पर टिकी हैं, जहां उम्मीद की जा रही है कि कमाई के आंकड़ों में एक बार फिर बड़ा जम्प देखने को मिलेगा।
फिल्म भूत बंगला के जरिए अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की ब्लॉकबस्टर जोड़ी पूरे 15 साल बाद पर्दे पर वापस लौटी है। इससे पहले इस जोड़ी ने ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भूल भुलैया’ और ‘भागम भाग’ जैसी सुपरहिट कॉमेडी फिल्में दी हैं। आखिरी बार दोनों ने साल 2010 में आई फिल्म खट्टा मीठा में साथ काम किया था।
स्टारकास्ट की बात करें तो ‘भूत बंगला’ में अक्षय के साथ तब्बू, परेश रावल, वामिका गब्बी और राजपाल यादव जैसे मंझे हुए सितारों ने काम किया है। इस फिल्म को बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। एकता कपूर और शोभा कपूर के साथ अक्षय कुमार खुद इस फिल्म के निर्माता है।
Trending
- रवि योग में आज सीता नवमी, जानें महत्व, पूजा विधि व मुहूर्त और माता सीता की आरती
- सुदर्शन के शतक पर भारी विराट और पडिक्कल की तूफानी फिफ्टी, RCB ने गुजरात को 5 विकेट से धो डाला
- बॉक्स ऑफिस पर अक्षय-प्रियदर्शन का ‘भूत’ सवार: 150 करोड़ के करीब पहुंची ‘भूत बंगला’
- सावधान! चिलचिलाती धूप से आकर तुरंत ‘चिल्ड’ पानी पीना पड़ सकता है भारी: जानिए क्या कहते हैं विशेषज्ञ
- बिलासपुर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 को चुनौती देने वाली याचिका खारिज
- शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 96 लाख की बड़ी ठगी, दंपती के खिलाफ FIR
- मुख्यमंत्री साय 29 अप्रैल को लेंगे कैबिनेट बैठक
- प्रदेशवासियों को झुलसाएगी गर्मी, रायपुर में ‘ऑरेंज अलर्ट’: 44 डिग्री तक पहुंचेगा पारा


