खबर वर्ल्ड न्यूज-राजनांदगांव/डोंगरगढ़। पत्रकार गोवर्धन सिन्हा के खिलाफ कलेक्टर कार्यालय में की गई शिकायत जांच में फर्जी पाए जाने के बाद प्रेस क्लब डोंगरगढ़ ने मामले को गंभीर बताते हुए फर्जी शिकायतकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। प्रेस क्लब ने कहा है कि यह केवल एक पत्रकार की छवि खराब करने का प्रयास नहीं है, बल्कि पूरे पत्रकारिता जगत को डराने और बदनाम करने की साजिश भी हो सकती है।
प्रेस क्लब डोंगरगढ़ के अध्यक्ष किशोर परमार ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना प्रमाण और बिना सत्यता के किसी पत्रकार के खिलाफ शिकायत करता है, तो यह न केवल गलत है बल्कि कानून का दुरुपयोग भी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को ऐसे मामलों में केवल शिकायत की जांच ही नहीं करनी चाहिए, बल्कि झूठी शिकायत करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्यवाही करनी चाहिए।
अध्यक्ष किशोर परमार ने कहा—
“पत्रकार गोवर्धन सिन्हा के खिलाफ की गई शिकायत जांच में पूरी तरह झूठी और निराधार साबित हुई है। ग्राम मुरमुन्दा के सचिव नारायण देवांगन और सरपंच खेमचंद सोरी ने स्पष्ट कर दिया है कि गोवर्धन सिन्हा द्वारा किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली गई है। इतना ही नहीं, जिस नाम से शिकायत की गई थी, उस नाम का व्यक्ति ग्राम पंचायत में मौजूद तक नहीं है। इससे साफ जाहिर होता है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसका उद्देश्य पत्रकार की छवि को नुकसान पहुंचाना था।”
उन्होंने आगे कहा “आज पत्रकारों पर फर्जी आरोप लगाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की जा रही है। यदि ऐसे मामलों में दोषियों पर उदाहरणात्मक कार्यवाही नहीं होगी, तो भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी के खिलाफ झूठी शिकायत कर सकता है। इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर भी अनावश्यक दबाव पड़ता है और वास्तविक शिकायतें भी प्रभावित होती हैं।”
प्रेस क्लब डोंगरगढ़ ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाया जाए कि शिकायत के पीछे कौन लोग शामिल थे। साथ ही, फर्जी शिकायत करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति पत्रकारों या अन्य नागरिकों के खिलाफ इस प्रकार की झूठी शिकायत करने का साहस न कर सके।
प्रेस क्लब ने यह भी कहा कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ है और लोकतंत्र में उसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। यदि पत्रकारों को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जाएगी, तो इससे निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होगी। प्रेस क्लब ने साफ किया कि वह अपने साथी पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहेगा।
अंत में अध्यक्ष किशोर परमार ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि फर्जी शिकायतकर्ता के खिलाफ जल्द कार्यवाही नहीं की गई, तो प्रेस क्लब डोंगरगढ़ पत्रकारों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।
Trending
- मुख्यमंत्री साय ने सुना पीएम मोदी का संबोधन: ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को बताया महिला सशक्तिकरण का नया युग
- मंत्री लखन लाल के मुख्य आतिथ्य में गोपालपुर में नए औद्योगिक क्षेत्र का हुआ भूमिपूजन
- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
- पत्रकार गोवर्धन सिन्हा के खिलाफ फर्जी शिकायत मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग
- देवखोल के जंगलों में अवैध कोयला खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: 6 टन कोयला जब्त, सुरंगें ध्वस्त
- बर्थडे पार्टी में मासूम से दरिंदगी; 16 वर्षीय किशोर ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने भेजा बाल संप्रेक्षण गृह
- महासमुंद पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत ₹4.56 करोड़ का गांजा जब्त
- अवैध शराब पर रेड के दौरान आबकारी टीम पर हमला, आरक्षक घायल; वर्दी फाड़ी


