गांव चलो बस्ती चलो अभियान 2026 का शुभारंभ
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक अंतर्गत सुदूर एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम पंचायत टिंडोड़ी में गांव चलो – बस्ती चलो अभियान 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अभियान में छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
अभियान के तहत ग्राम टिंडोड़ी, धुसावाड़ा, करेमरका सहित आसपास के गांवों में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं- उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए दूरस्थ एवं वंचित वर्ग तक सीधी पहुंच बनाना, योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना, साथ ही ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही बूथ सशक्तिकरण एवं नव मतदाताओं को जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश्वर ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के बाद अब सुदूर अंचलों में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास है, जिससे अब तक योजनाओं से वंचित रहे लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री बलदेव उरसा, मंडल अध्यक्ष चिन्नाराम तेलम, वरिष्ठ नेता अनु ठाकुर, मुन्नूराम लेकम सहित अनेक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


