खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कोंडागांव। जिले के विकास नगर स्थित स्टेडियम ग्राउंड में 28 से 30 मार्च 2026 तक श्रीसदगुरु कबीर धनी धर्मदास साहेब त्रिदिवसीय संत समागम समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कबीर पंथ समाज और आयोजक मंडलों ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं।
तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को सत्संग, भजन-कीर्तन, प्रवचन और संतों का सान्निध्य प्राप्त होगा। आयोजन समिति के अनुसार, इसका उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता फैलाना और कबीर साहेब के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रमुख संतों का आगमन होगा, जिनके सान्निध्य में श्रद्धालु आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करेंगे। “जीव दया और आत्म पूजा, यही धर्म का सार है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के पहले दिन, 28 मार्च (शनिवार) को सुबह 8 बजे से गुरु महिमा पाठ और सत्संग-भजन की शुरुआत होगी। दोपहर में प्रमुख संतों का आगमन और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
29 मार्च (रविवार) को सुबह से भजन-कीर्तन और सत्संग का दौर चलेगा। इसी दिन विशेष प्रवचन कार्यक्रम भी होगा, जिसमें संत समाज जीवन मूल्यों और मानवता पर अपने विचार प्रस्तुत करेगा। समापन दिवस, 30 मार्च (सोमवार) को गुरु महिमा पाठ, सत्संग-भोजन और दोपहर 12 बजे आरती एवं विशेष अनुष्ठान के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इसके लिए बैठने, पेयजल और भोजन (भंडारा) की समुचित व्यवस्था की जा रही है। दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस आयोजन में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के कबीर पंथी समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सत्संग का लाभ लेने की अपील की है।


