KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। CG के सरकारी स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। राज्य के कई स्कूलों में निर्धारित मानक के अनुसार शिक्षकों की उपलब्धता नहीं है। इस बात को प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav ने विधानसभा में स्वीकार किया है।
विधानसभा में ध्यानाकर्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि नियम के मुताबिक हर 30 छात्रों पर एक शिक्षक होना जरूरी है, लेकिन प्रदेश के सभी स्कूलों में यह व्यवस्था अभी पूरी तरह लागू नहीं हो पाई है।
यह जानकारी कांग्रेस विधायक Raghvendra Singh के सवाल के जवाब में दी गई। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या राज्य के हर स्कूल में शिक्षक-छात्र अनुपात के नियम का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही यह भी सवाल उठाया कि क्या सरकार इस संबंध में कोई आदेश जारी करेगी और शिक्षकों की नई भर्ती की जाएगी, ताकि सभी स्कूलों में निर्धारित अनुपात लागू हो सके।
इस पर मंत्री Gajendra Yadav ने जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल सभी स्कूलों में यह मानक पूरा नहीं हो पाया है। हालांकि सरकार इस दिशा में स्थिति सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।


