KWNS – अभनपुर। राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर थाना क्षेत्र में रायपुर-अभनपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार बस के नीचे आ गए। हादसे में बाइक चला रहे व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं साथ में बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


