KWNS – छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं। फरवरी के शुरुआती दिनों में ही पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रायपुर, राजनांदगांव और सुकमा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सुबह के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप अपना असर दिखा रही है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से बुधवार, 4 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 5 और 8 फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं।
राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह धुंध छाई रही। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश के अन्य हिस्सों की बात करें तो पेंड्रा, जगदलपुर और माना में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री पर बना हुआ है, जिसमें आने वाले दिनों में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल दोपहर के समय गर्मी का अहसास बढ़ रहा है, जबकि रात के वक्त हल्की ठंड बरकरार है।


