KWNS – व्यास पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कबीर नगर पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक आरोपी को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये की नशीली सामग्री बरामद की गई है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। वहीं, संपूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ईशु अग्रवाल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कबीर नगर निरीक्षक एस.एन. सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
61 फरार वारंटी भेजे गए जेल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कबीर नगर क्षेत्र अंतर्गत BSUP कॉलोनी में एक व्यक्ति के द्वारा अवैध रूप से नशीले पदार्थ की बिक्री किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 8.53 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹50,000 बताई जा रही है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवतार सिंह उर्फ पवन (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जिला फिरोजपुर, पंजाब का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी रायपुर में किसके संपर्क में था और नशे की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 21(बी) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
रायपुर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त में ले जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।


