KWNS – लेखराज चक्रधारी , भिलाईदादर l भिलाईदादर गाँव, जिला महासमुंद में पदस्थ RHO नहरू साहू को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि नहरू साहू सरकारी स्वास्थ्य विभाग में जिम्मेदार पद पर रहते हुए अपने ही गाँव में निजी क्लिनिक का संचालन कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, नहरू साहू एक ओर सरकारी सेवा का लाभ, वेतन व सुविधाएँ ले रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निजी क्लिनिक के माध्यम से मरीजों से शुल्क वसूली भी कर रहे हैं। यह स्थिति सीधे तौर पर सरकारी सेवा नियमों और आचरण संहिता पर सवाल खड़े करती है।
मामले को लेकर चर्चा है कि नहरू साहू का क्षेत्र में इतना प्रभाव है कि उनके खिलाफ लंबे समय से उठ रही बातों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। नियमों के अनुसार, सरकारी पद पर रहते हुए निजी प्रैक्टिस करना गंभीर अनुशासनहीनता मानी जाती है, इसके बावजूद कथित रूप से यह कार्य खुलेआम जारी है।

स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े जानकारों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और हितों के टकराव (Conflict of Interest) की श्रेणी में आता है।
अब सवाल यह उठता है कि—
क्या नहरू साहू को सरकारी पद पर रहते निजी क्लिनिक चलाने की अनुमति है?
यदि नहीं, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
क्या स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जाँच कराएगा?
यह मामला न केवल भिलाईदादर बल्कि पूरे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा है। अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।


