पूर्व में मुरिया दरबार के दौरान एक उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में युवक की हत्या, अब उपमुख्यमंत्री के आने से पहले दंतेश्वरी मंदिर में चोरी
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी को लेकर कहा है कि विष्णु के सुशासन में अब हिन्दुओं की आराध्य देवी माई दंतेश्वरी भी सुरक्षित नहीं है। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे इस महापाप को करने से भी नहीं घबरा रहे हैं, जिसकी जिम्मेदार सिर्फ और सिर्फ प्रदेश की भाजपा सरकार है, जो आज शासन और प्रशासन को आयोजनों और प्रयोजनों में उलझा कर रखी है और उन्हें उनके मूल कर्तव्यों से दूर कर चुकी है। जिसका फायदा उठाकर अपराधी अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। उन्हाेने माई दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि अगले 48 घंटे में यदि अपराधी कानून की गिरफ्त में नहीं आते हैं, तो कांग्रेस शासन-प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करेगी जिसकी संपूर्ण जवाबदेही भाजपा शासन और प्रशासन की होगी।
सुशील मौर्य ने पिछले वर्ष दशहरा पर्व के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार के दौरान हुई हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान देश के गृहमंत्री शहर में उपस्थित थे, और उनके शहर छोड़े महज कुछ घंटे ही नहीं बीते थे कि उनके कार्यक्रम स्थल से केवल 200 मीटर की दूरी पर एक युवक की जघन्य हत्या हो जाती है, और अब जब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अगले चौबीस घंटे में ध्वजारोहण के लिए शहर पहुंच रहे हैं, और उनके आने से पहले माई दंतेश्वरी मंदिर में चोरी की इतनी बड़ी वारदात का होना दर्शाता है, कि अपराधी अपराध करने में मस्त हैं, और शासन-प्रशासन और भाजपा के जनप्रतिनिधि आयोजन प्रयोजन में व्यस्त हैं। वहीं सुशील मौर्य ने शासन-प्रशासन और टेंपल कमेटी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंदिर के मुख्य पुजारी के द्वारा बार-बार मंदिर के दरवाजे कमजोर होने और उन्हें बदलने की मांग की गई थी। बावजूद इसके ना तो शासन ना प्रशासन और ना ही टेंपल कमेटी ने इसे गंभीरता से लिया जिसका परिणाम आज सबके सामने है।


