खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। छत्तीसगढ़ का आदिवासी बहुल बस्तर जिला अब उन्नत कृषि का नया अध्याय लिख रहा है । यहां के किसान पारंपरिक खेती के पुराने ढर्रे को छोड़कर आधुनिक कृषि तकनीकों को तेजी से अपना रहे हैं । कृषि अभियांत्रिकी द्वारा शासकीय दरों पर किराए पर उपलब्ध कराए जा रहे बेलर, रोटावेटर और सीड ड्रिल जैसे आधुनिक यंत्रों ने न केवल किसानों की मेहनत कम की है, बल्कि खेती की लागत घटाकर मुनाफे का नया रास्ता भी खोल दिया है। अब यहां के किसान इन उन्नत कृषि यंत्रों से जुताई, रोपा, कटाई, मिंजाई सहित अन्य कार्यों के लिए ज्यादातर कर रहे हैं।
जिले में सबसे सकारात्मक बदलाव फसल अवशेष प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देखने को मिला है। धान की कटाई के बाद अक्सर किसान जिस पैरा (पराली) को खेत में ही जला देते थे, जिससे भारी प्रदूषण होता था, अब उसी अवशेष को स्ट्रॉ बेलर मशीन ने कमाई का जरिया बना दिया है। जगदलपुर, लोहण्डीगुड़ा और बस्तर विकासखंडों में इस मशीन के जरिए महज 303 घंटों में 7500 पैरा बंडल तैयार किए गए हैं। ग्राम बस्तर के किसान वैद्यनाथ सेठिया बताते हैं कि बेलर मशीन के उपयोग से बंडल बनाना बेहद सस्ता पड़ता है और इसके परिवहन व भंडारण में आसानी होती है। अब किसान पैरा जलाने के बजाय उसका उपयोग पशु चारे और मशरूम उत्पादन में कर रहे हैं। दूसरी ओर रबी फसल की तैयारियों में रोटावेटर मशीन ने एक क्रांतिकारी भूमिका निभाई है। चिलकुटी और बिलोरी जैसे गांवों में इसका व्यापक असर दिख रहा है। जहां पारंपरिक हल से खेत तैयार करने के लिए किसानों को तीन से चार बार जुताई करनी पड़ती थी, वहीं रोटावेटर एक ही बार में मिट्टी को भुरभुरा बना देता है। कृषक पवन देवांगन के अनुसार इससे न केवल समय की भारी बचत हो रही है, बल्कि खेत में मौजूद फसल अवशेष मिट्टी में दबकर सड़ जाते हैं, जो प्राकृतिक खाद बनकर भूमि की उर्वरा शक्ति को बढ़ाते हैं।
बुवाई की तकनीक में भी बस्तर के किसानों ने मल्टीक्रॉप सीड ड्रिल और प्लांटर को अपनाकर एक नई मिसाल पेश की है। धान, मक्का और अन्य फसलों की कतार में बुवाई के लिए किसान अब इन मशीनों का उपयोग कर रहे हैं। कुम्हली के किसान दुर्गा प्रसाद जोशी का अनुभव है कि मशीन से बुवाई करने पर बीज की बर्बादी रुकती है और गहराई एकदम सटीक रहती है, जिससे मजदूरी की लागत में भारी कमी आई है।
कृषि अभियंता एचएल देवांगन ने बताया कि जिले के किसान अब जुताई से लेकर मिंजाई तक पूरी प्रक्रिया में मशीनीकरण को अपना रहे हैं। साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन के लिए भी इन उन्नत यंत्रों का सदुपयोग कर रहे हैं । आधुनिक कृषि यंत्रों का यह बढ़ता प्रयोग यह साबित करता है कि बस्तर के किसान अब खेती-किसानी को लाभकारी बनाने की दिशा में मजबूती से कदम बढ़ा चुके हैं, जिससे न केवल लागत घट रही है बल्कि पैदावार में भी आशातीत बढ़ोतरी हो रही है।
Trending
- 18 साल पहले 10 दिन की पैरोल पर निकला हत्या का दोषी अब तक लापता, हाईकोर्ट की सख्ती के बाद जेल प्रशासन ने दर्ज कराई FIR
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का ‘जनदर्शन’ 26 नवंबर को, आमजनों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
- 50 लाख की चोरी और पुलिस की सुस्ती पर बवाल: व्यापारियों के बीच घिरे मंत्री राजेश अग्रवाल ने TI को फोन लगा कर कहा- ‘पुलिस भेजिए और मुझे छुड़ाएं’
- ACB-EOW की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी- CM विष्णुदेव साय
- आज कार्तिक पूर्णिमा की शाम 5 में से करें कोई भी एक उपाय, धन संकट-दरिद्रता होगी दूर, माता लक्ष्मी रहेंगी प्रसन्न!
- WTC 2025-27 फाइनल की रेस हुई रोमांचक: जानिए क्वालिफिकेशन का पूरा गणित और टीम इंडिया के पहुंचने का समीकरण
- बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट: मंडे टेस्ट में ‘रामायण’ ने मारी बाजी, ‘ओम’ और ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ की कमाई में आई बड़ी गिरावट
- रसोई का ‘अमृत’ या बेकार पानी? चावल के माड़ के सेवन से शरीर को होने वाले फायदे


