खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। रायपुर रेंज साइबर पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को मुंबई और पुणे से गिरफ्तार किया है। एक आरोपी ने एसबीआई बैंक प्रबंधक को फिक्स्ड डिपॉजिट का झांसा देकर लगभग 18 लाख रुपये की ठगी की थी, जबकि दूसरे ने ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा द्वारा साइबर अपराधों में शामिल मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिए गए विशेष निर्देशों के बाद यह कार्रवाई सफल रही। उन्होंने रेंज साइबर थाना रायपुर को तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर कार्रवाई को अंजाम देने का निर्देश दिया था।
पहला मामला:
इस प्रकरण में, भारतीय स्टेट बैंक, रामसागरपारा शाखा के प्रबंधक आशुतोष कुमार ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें बड़ी राशि फिक्स्ड डिपॉजिट कराने के बहाने झांसा देकर 17.82 लाख रुपये की धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया। इस पर धारा 318(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत तकनीकी विश्लेषण कर मुख्य आरोपी की पहचान सरफराज अंसारी (20 वर्ष, निवासी कुशीनगर, उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई। घटना के बाद आरोपी पुणे, महाराष्ट्र में छिप गया था। पुणे में छापेमार कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं और पीड़ित को ठगी की संपूर्ण राशि वापस दिलाई गई है।
दूसरा मामला:
दूसरे मामले में, देवेश साहू ने थाना मंदिरहसौद में शिकायत की कि उनसे ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब के झांसे में 16 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। इस पर धारा 420, 34 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसकी विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर कर रहा है। विवेचना के दौरान टेलीग्राम और बैंक खातों की जानकारी के तकनीकी विश्लेषण से आरोपी मयूर जोशी (29 वर्ष, निवासी उल्हासनगर, महाराष्ट्र) की पहचान हुई। जांच में पता चला कि आरोपी ने पीड़ित को गूगल रिव्यू लिखने का टास्क दिया। शुरुआत में छोटी रकम देकर भरोसा दिलाने के बाद, बाद में अधिक रकम लेकर वापस नहीं की गई। मुंबई में कार्रवाई कर मयूर जोशी को गिरफ्तार किया गया।
Trending
- प्रधानमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्र से छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने नई दिल्ली में की सौजन्य भेंट
- हर बच्चे के बेहतर बचपन की सीख : गुजरात के नन्द घरों का अवलोकन करने पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
- पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर को पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति
- बीजापुर पौधारोपण पर प्रशासन का स्पष्टीकरण भ्रामक और अधूरा, आँकड़ों के पीछे सच्चाई छुपाने का प्रयास : विक्रम मंडावी
- नई शिक्षा नीति के तहत छात्राओं ने किया ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थलों का शैक्षणिक सर्वेक्षण
- शराब के नशे में विवाद बना खूनी संघर्ष: कार्तिक पूर्णिमा पर बेटे ने कुल्हाड़ी से वार कर की पिता की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: 2 साल से फरार मुख्य कड़ी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू दुबई में गिरफ्तार, भारत लाने UAE रवाना होगी ACB-EOW की विशेष टीम
- मार्गशीर्ष अमावस्या कब है? जानें तारीख, स्नान-दान मुहूर्त, पितरों के लिए तर्पण और श्राद्ध का समय


