खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ में निष्क्रिय हो चुके राजनीतिक दलों पर निर्वाचन आयोग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने रायपुर में पंजीकृत चार राजनीतिक दलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में इन दलों को 11 जुलाई 2025 को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
* क्या है मामला?
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन चार राजनीतिक दलों ने वर्ष 2019 से लेकर 2025 तक की अवधि में न तो कोई लोकसभा चुनाव लड़ा, न ही राज्य विधानसभा चुनाव और न ही किसी उपचुनाव में भाग लिया है।
* नोटिस प्राप्त करने वाले राजनीतिक दलों के नाम व पते:
| क्रमांक | राजनीतिक दल का नाम | पता |
|---|---|---|
| 1 | छत्तीसगढ़ संयुक्त जातीय पार्टी | बजरंग नगर, तात्यापारा वार्ड, रायपुर |
| 2 | छत्तीसगढ़ विकास पार्टी | ए-12, फ्लैश विहार, न्यू पुरैना, पोस्ट रविग्राम, रायपुर |
| 3 | राष्ट्रीय मानव एकता कांग्रेस पार्टी | गुरुद्वारा के सामने, स्टेशन रोड, रायपुर |
| 4 | पृथक बस्तर राज्य पार्टी | 8, सीनियर एच.आई.जी., सेक्टर-3, शंकर नगर, रायपुर |
* चुनाव आयोग की मंशा और प्रक्रिया:
भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार, यदि कोई राजनीतिक दल लगातार चुनावों में भाग नहीं लेता और अपनी सक्रियता बनाए नहीं रखता, तो उसे निष्क्रिय दल माना जा सकता है। ऐसे दलों को समय-सीमा के भीतर नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगने का प्रावधान है, अन्यथा:
-
दल की पंजीयन रद्द हो सकती है
-
पार्टी को मिलने वाले चुनावी चिन्ह को भी समाप्त किया जा सकता है
-
और आर्थिक सुविधाओं व टैक्स छूट जैसे अधिकार भी समाप्त किए जा सकते हैं
* 11 जुलाई को होगी सुनवाई
इन चारों दलों के अध्यक्ष/महासचिव या प्रमुख पदाधिकारियों को आगामी 11 जुलाई 2025 को रायपुर स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करना होगा। यदि वे उपस्थित नहीं होते या जवाब असंतोषजनक पाया जाता है, तो उनके पंजीकरण पर आयोग कार्रवाई करेगा।


