खबर वर्ल्ड न्यूज-टेकेश्वर दुबे-कवर्धा। उक्त आयोजन का आगाज मुख्य अतिथि गोपाल वर्मा (भा.प्र.से.) माननीय जिलाधीश, जिला कबीरधाम (छ.ग.) व अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय महराजपुर कवर्धा द्वारा माँ शारदे के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अजय कुमार त्रिपाठी (रा.प्र.से.) माननीय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, कबीरधाम (छ.ग.) व नामित अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय महराजपुर कवर्धा उपस्थित रहें।
विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार ने अपने वार्षिक प्रतिवेदन में बच्चों की विविध क्षेत्रों (शिक्षा, खेल, कला, प्रौद्योगिकी, विज्ञान आदि) में अर्जित अद्वितीय उपलब्धियों का जिक्र किया, जिसने सभी को केन्द्रीय विद्यालय की गुणवत्ता को स्वीकारने हेतु मजबूर किया। इस अवसर पर अभिभावक, गणमान्य नागरिक, सभी कर्मचारी एवं विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।
मुख्य अतिथि जिलाधीश महोदय ने अपने उद्बोधन में अभिभावकों से निवेदन किया – “बच्चों को तनावपूर्ण अध्ययन से रोकें। उन पर अपनी रुचि को न थोपकर उनकी रुचि क्षेत्र का पता लगाएं और उसके अनुरूप वातावरण निर्मित करने में उनकी सहायता करें। निश्चित ही विद्यार्थी उस दिशा में ज्यादा अच्छा प्रदर्शन करते हैं जो उनकी प्रतिभा एवं कौशल से जुड़ा होता है।
विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक (मनोज पुषाम, शालिक राम तिवारी व सुधीर कुमार केशरवानी) सीबीएसई बोर्ड परीक्षा कक्षा 10 वीं 2023-24 के लिए पूरे संभाग में विद्यालय को प्रथम स्थान दिलाने के साथ अपने विषयों में भी सर्वोच्च प्रदर्शन सूचकांक प्राप्त करने हेतु आदरणीय विशिष्ट अतिथि से पुरस्कृत हुए।
विद्यालय का विविध क्षेत्रों (राज्य व राष्ट्र स्तर) पर प्रतिनिधित्व कर रहे विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया, जिसमें अदम्य त्रिपाठी (10वीं) व मौली मानिकपुरी (7वीं) चित्रकला, अविरल सिंह ठाकुर (कक्षा 10वीं 2023-24 में 95.2%) शिक्षा, आनंद प्रकाश चंद्रवंशी (9वीं) खेल व विज्ञान, भाव्या फाये (9वीं) विज्ञान, शौर्य चंद्रवंशी (11वीं) गणित, अनन्य सागर देवांगन, आयुष कुमार राजपूत, चेतन नौरंगे (10वीं), सुरम्य चतुर्वेदी (7वीं), ईशान्त खुर्श्याम, अरशद खान व स्वयं तंबोली (11वीं) खेल के क्षेत्र में पुरस्कृत हुए। वहीं वर्षभर की सह शैक्षणिक गतिविधियों में टैगोर सदन विजेता एवं रमन सदन उपविजेता रहें।
बच्चों ने वार्षिकोत्सव के अवसर पर इन उपलब्धियों को यादगार बनाने हेतु विविध सांस्कृतिक गतिविधियां प्रस्तुत कीं। जिसका मूल उद्देश्य “एक भारत श्रेष्ठ भारत – विविधता में एकता” रहा। इसके अंतर्गत भारत के विविध राज्यों से संबंधित लोकगीत व लोकनृत्यों का अद्भुत समाहार बच्चों ने दर्शकों के मध्य प्रस्तुत किया। जिसमें जसगीत, हरियाणवी, राजस्थानी, पंजाबी, गुजराती, बिहू, पहाड़ी, कजरी, पंथी, सुआनृत्य, बंगाली, लावणी, उड़ीसा, दक्षिण भारत, की लोक संस्कृति के साथ नाटक, काव्यपाठ आदि की अद्भुत छटा देखते ही बनी। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक मनोज पुषाम ने अपने विनम्र शब्दों से सबका आभार व्यक्त किया।
अभिभावकों से प्राप्त प्रतिपुष्टि (फीडबैक) के अनुसार, “हमें एक ही स्थान पर पूरे भारत के दर्शन कराने वाली विचारधारा से युक्त केन्द्रीय विद्यालय पर गर्व है| हमें नाज है कि यहाँ ऐसे समृद्ध वातावरण में हमारे बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जहाँ किसी भी प्रकार की विषमता नहीं है।

