खबर वर्ल्ड 24 नई दिल्ली ! भारतीय टीम को मुंबई में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा है. इसके साथ ही न्यूज़ीलैंड ने क्लीन स्वीप करते हुए टेस्ट सिरीज़ पर कब्ज़ा कर लिया है.
तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत को जीतने के लिए 148 रनों का लक्ष्य मिला था. लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ इसे हासिल करने में नाकाम रहे.
भारतीय टीम महज़ 121 रन पर ही ऑल आउट हो गई और न्यूज़ीलैंड ने तीसरा टेस्ट मैच 25 रनों से जीत लिया.
भारत को घरेलू ज़मीन पर पहली बार तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है.
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेली गई इन तीन मैचों की सिरीज़ में भारतीय बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन औसत रहा है. टीम इंडिया के बल्लेबाज़ शुरुआत से ही संघर्ष करते नज़र आए, सिर्फ़ ऋषभ पंत ने जुझारू अर्धशतकीय पारी खेलते हुए सबसे ज़्यादा 64 रन बनाए.
तीन टेस्ट मैचों की इस सिरीज़ में अगर हम भारतीय मध्यक्रम के प्रदर्शन की बात करें तो पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारत के पांच बल्लेबाज़ शून्य के स्कोर पर आउट हो गए थे और पूरी भारतीय टीम 46 रन के स्कोर पर सिमट गई थी.
पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी को छोड़ दें तो भारतीय बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा है. इस सिरीज़ ने कहीं न कहीं भारतीय मध्यक्रम की बल्लेबाज़ी को एक्सपोज़ किया है. आइए नज़र डालते हैं तीन टेस्ट मैचों की पारियों में भारतीय बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन पर–
रोहित शर्मा – 2, 52, 0, 8, 18, 11
विराट कोहली- 0, 70, 1, 17, 4, 1
यशस्वी जायसवाल- 13, 35, 30, 77, 30, 5
सरफ़राज़ ख़ान- 0, 150, 11, 9, 0, 1
ऋषभ पंत- 20, 99, 18, 0, 60, 64
शुभमन गिल – 30, 23, 90, 1
पूरी सिरीज़ के दौरान इक्का-दुक्का पारियों को छोड़ दें तो कोई भी भारतीय बल्लेबाज़ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका है. इसकों लेकर भारतीय खिलाड़ियों की आलोचना की जा रही है.

